जोगिंद्रनगर : क्षेत्र में समिति द्वारा मसौली पंचायत के खुद्दर में मनाया स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव
क्रान्ति सूद । जोगिंद्रनगर
स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव समिति द्वारा मसौली पंचायत के खुद्दर में रविवार को स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव मनाया गया, जिसमें वीर नारी निर्मला देवी पत्नी शहीद दीवान चंद्र मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रही। उनके साथ सेवानिवृत कैप्टन जोगिंद्र सिंह, सुबेदार सुनील, सुबेदार सुंदर सिंह व सुबेदार पवन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अमृत महोत्सव समिति पंचायत मसौली ने सभी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान कैप्टन जोगिंद्र ने शहीद दीवान चंद के जीवन पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता शुभ करण उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता ने स्वतंत्रता के संघर्ष में शहीद हुए महापुरुषों के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए असंख्य लोगों ने बलिदान दिया है। उन्हाेंने लोगों से आग्रह किया कि वह भी देश के लिए जिएं।
