रक्कड़ : कोल्हापुर में पशुशाला जलकर राख
विनायक ठाकुर । रक्कड़
तहसील रक्कड़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोल्हापुर में स्लेटपोश पशुशाला जल कर राख होने की खबर है। आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राकेश कुमार पुत्र हरनाम सिंह ने बताया कि दिन में ही पशुशाला में धुंआ निकलता देखा नजदीक जाकर देखा, तो पशुशाला में आग की लपटें निकल रहीं थीं। उन्होंने बताया कि आग के कारण पशुशाला के अंदर रखा घास व तूड़ी जलकर राख हो गई। उन्होंने इस बारे पंचायत उपप्रधान वीरेंद्र ठाकुर को सूचित किया।
उपप्रधान ने पुलिस थाना रक्कड़ में सूचित किया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉट सर्किट लग रहा है। मामला दर्ज है छानबीन जारी है। उधर, तहसीलदार रक्कड़ अमित कुमार ने बताया कि सबंधित क्षेत्र के पटवारी को मौके पर जाकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है। नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
