हमीरपुर : बलदेव शर्मा ने बड़सर के लिए इंडोर स्टेडियम स्वीकृत करवाकर दिखाया दम

कहना मोड़ना नी, ढखा तोड़ना नी, कांग्रेस विधायक पर कसा तंज
मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर
हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष पर बड़सर क्षेत्र के बुंबलू में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बलदेव शर्मा ने सफल कार्यक्रम करवाने में अहम भूमिका निभाई है। क्षेत्र के सभी बूथों से भाजपा कार्यकर्ता व आम जनता ने उपस्थिति दर्ज करवाई है। अपने संबोधन के दौरान बलदेव शर्मा ने कांग्रेस विधायक की नाकामी पर तंज कस्ते हुए कहा कि कहना मोड़ना नी, ढखा तोडना नी। इस बात पर जनता ने खूब तालियां बजायी। मुख्यातिथि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सहित मंच पर मौजूद अन्य नेताओं ने भी खूब ठहाके लगाए। बलदेव शर्मा ने कहा क्षेत्र के विकास को लेकर आम जनता ने निर्णय कर लिया है। उन्होंने कहा मेरे 15 वर्ष के कार्यकाल के दौरान करवाए गए विकास कार्य की तुलना कांग्रेस विधायक के 10 वर्षों से जनता कर चुकी है तथा बड़सर की जनता भाजपा का परचम लहराने को तैयार बैठी है। जब 1998 पहली बार जनता के आशीर्वाद से विधायक बना तब क्षेत्र में बहुत कम सड़कें थी।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के आशीर्वाद से गांव-गांव सड़कें पहुंच पाई। सर्व शिक्षा अभियान के तहत हर विद्यालय में कम से कम तीन कमरे बनायें तथा साइंस लैब का भी निर्माण करवाया। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के द्वारा बड़सर में 265 करोड़ से करवाए गए विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने वृद्धा पेंशन की आयु सीमा 60 वर्ष करने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद भी किया। कार्यक्रम में भारी जनसैलाब देखकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर काफी गद-गद नजर आए और उन्होंने बलदेव शर्मा की प्रमुख मांग बड़सर में एक इंडोर स्टेडियम बनाने की घोषणा कर दी। केंद्रीय मंत्री ने बताया 20 से अधिक खेलों वाला भव्य स्टेडियम का निर्माण होगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि बिझड़ी में बलदेव शर्मा के आग्रह पर ही केंद्रीय विद्यालय स्वीकृत किया है, जिसके लिए केंद्र सरकार ने 25 करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी है।