बिक्रम ठाकुर ने नई दिल्ली में सांसद अनुराग ठाकुर से की भेंट, क्षेत्र के विकासकार्यों को लेकर की चर्चा
नई दिल्ली में बिक्रम ठाकुर ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। बिक्रम ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर ऊना से विधायक सतपाल सिंह सत्ती भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से संचालित की जा सकने वाली विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई। साथ ही इस बात पर भी विचार-विमर्श किया गया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ क्षेत्र के लोगों तक कैसे पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि इस दौरान पूर्व में केंद्र सरकार द्वारा क्षेत्र को दिए गए सहयोग और स्वीकृत विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। अनुराग ठाकुर ने आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार हमेशा हिमाचल प्रदेश के विकास और जनहित के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए कार्य कर रही है और हिमाचल प्रदेश के लिए भी अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ क्षेत्र तक पहुंचे, इसके लिए समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। बैठक में क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, विकास परियोजनाओं और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सभी ने मिलकर क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देने और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।
