बिलासपुर की बेटी प्रियंका ने AIIMS NORCET-8 में लहराया परचम, पहले ही प्रयास में हासिल की 989वीं रैंक

सुनील/बिलासपुर: जिला बिलासपुर की बेटी प्रियंका ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) की प्रतिष्ठित नर्सिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा (NORCET-8) 2025 में शानदार सफलता हासिल की है। प्रियंका ने अपने पहले ही प्रयास में अखिल भारतीय स्तर पर 989वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। 2 मई, 2025 को आयोजित हुई इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के द्वितीय चरण में 11,472 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, जिसमें से 8,537 सफल हुए। प्रियंका ने इन सफल अभ्यर्थियों के बीच अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया। बिलासपुर के बेनला ब्राह्मणा गांव की रहने वाली प्रियंका के पिता धनी राम पटवारी हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से चेनमैन से पटवारी तक का सफर तय किया है। माता संगीता एक कुशल गृहिणी हैं। प्रियंका ने अपनी स्कूली शिक्षा कोठीपुरा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से पूरी की। इसके बाद उन्होंने RGPMC से GNM और वर्ष 2024 में PGI चंडीगढ़ से नर्सिंग में पोस्ट बेसिक डिग्री हासिल की। उनकी शिक्षा के प्रति समर्पण और अथक प्रयास ने उन्हें पहले ही प्रयास में NORCET-8 जैसी कठिन परीक्षा में यह मुकाम दिलाया। प्रियंका की इस असाधारण उपलब्धि पर उनके परिवार, गांव और पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत है, जो यह साबित करती है कि कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए प्रियंका ने कहा कि मैं अपने माता-पिता और गुरुजनों के मार्गदर्शन और प्रेरणा से ही इस मुकाम तक पहुंच पाई हूं। मेरा सपना देश की स्वास्थ्य सेवाओं में अपना योगदान देना है।