शिमला : भाजपा की प्रदेश सरकार काे नजर नहीं आ रही महंगाई : राठाैर
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला
देश मे हर रोज बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दामों पर भाजपा की खामोशी पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने उन्हें आड़े हाथ लिया है। उन्होंने कहा है कि आज भाजपा नेताओं को महंगाई ही नज़र आ रही है और न ही बेरोजगारी। इससे साफ है कि आज सत्ता में बैठने के बाद भाजपा को बढ़ती महंगाई बेरोजगारी से कुछ लेना देना नहीं। राठौर ने एक बयान में कहा कि प्रदेश में भाजपा लोगों की समस्याओं बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर कोई बात नहीं करती। अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भाजपा कांग्रेस को दोषी ठहराने में लगी है। उन्होंने कहा कि भजापा प्रदेश में सत्ता का दुरपयोग कर रही है। अपनी राजनीतिक बैठकों में सरकारी मशीनरी व धन का खुल कर दुरपयोग किया जा रहा है।
राठौर ने कहा कि अब चुनाव नजदीक आते देख मुख्यमंत्री कर्मचारियों को लुभाने में जुटे हैं। घोषणाओं पर घोषणाएं करते जा रहे हैं, जबकि प्रदेश सरकार का खजाना पूरी तरह खाली हाे चुका है। कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार हर क्षेत्र में पूरी तरह विफ़ल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चार उप चुनावों में कांग्रेस को मिली शानदार जीत के बाद भजापा को इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों में भी करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इन दिनों मुख्यमंत्री सहित भजापा के नेता हवा में ज्यादा ही उड़ रहे हैं। उन्हें धरती नज़र नहीं आ रही, जबकि प्रदेश के लोगों ने चार उप चुनावों में उन्हें पहले ही धरती पर लाकर खड़ा कर दिया है।
मुख्यमंत्री को सड़कों पर गड्ढ ही गड्ढे नज़र आते हैं। ग्रामीण व दूरदराज के स्कूलों में अध्यापक नहीं,अस्पतालों में डॉक्टराें की कमी, खस्ता हालत व्यवस्था पर कभी उनकी नजर नहीं गई। राठौर ने शिमला नगर निगम चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की विफलताएं व बढ़ती महंगाई बेरोजगारी ऐसे जनहित के मुद्दे हैं, जिनको आगे रख कर कांग्रेस लोगों के बीच जाएगी और नगर निगम के बाद विधानसभा चुनावों में अपनी जीत का परचम लहराते हुए लोगों को भजापा के कुशासन बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी से मुक्त करवाने के लिए काम करेगी।
