हमीरपुर : सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में स्थापित हुई भाजपा-अध्यक्ष

मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर
हमीरपुर में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक के उद्घाटन सत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं शिमला के सांसद सुरेश कश्यप ने सभी नेताओं एवं प्रतिनिधियों का स्वागत किया और कहा कि हम सभी भाग्यशाली हैं कि हम दुनिया की सबसे बड़े राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा आज सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में स्थापित हुई है। आज देश में 1375 विधायक, 302 लोकसभा सदस्य 100 राज्यसभा के सांसद भाजपा के हैं। 157 एमएलसी तथा पंचायती व नगर निकायों में सबसे ज्यादा जनप्रतिनिधि भाजपा के हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा हिमाचल प्रदेश मंे एक मजबूत संगठन स्थापित करने में सफल हुआ है। ग्राम केंद्र प्रमुखों, बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक, बीएलए के सम्मेलनों में केंद्रीय नेता आ रहे हैं। लगातार भाजपा विभिन्न स्तर पर सम्मेलनों का आयोजन कर रही है।
उन्होंने कहा कि संगठन मजबूती से कार्य कर रहा है। वहीं, केंद्र सरकार की योजनाओं व मोदी के हिमाचल से स्नेह के कारण हिमाचल को करोड़ों की योजनाओं का लाभ मिला है। केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल को सशक्त प्रदेश बनाने मंे महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। सुरेष कश्यप ने कहा कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल के आम जनमानस को लाभ पहुंचाया जा रहा है। आज कोरोना के टीकाकरण अभियान में हिमाचल प्रदेश अव्वल रहा है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन से गरीब लोगों खासकर महिलाओं में खुशी की लहर है। उन्होंने कहा कि हिमाचल का सौभाग्य है कि डबल इंजन होने से विकास की गति कई गुना बढ़ गई है। जहां नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का लाभ मिल रहा है।
वहीं, जेपी नड्डा के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने का लाभ भी हिमाचल को मिल रहा है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का केंद्र सरकार में महत्वपूर्ण स्थान होने का लाभ भी हिमाचल को मिल रहा है। अंत में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए पूर्णरूप से तैयार है। हिमाचल की जनता भाजपा के साथ है तथा इस बार तथाकथित रिवाज को बदलते हुए भाजपा चार राज्यों में मिशन रिपीट की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी अपने मिशन रिपीट के लक्ष्य को प्राप्त करेगी और एक बार फिर हिमाचल में भाजपा की सरकार पूर्ण बहुमत से बनेगी।
बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, संगठन महामंत्री पवन राणा, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, त्रिलोक कपूर, राकेश जम्वाल, सभी मंत्री, विधायक, सांसद, 2017 के प्रत्याशी, प्रदेशी के सभी पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, मोर्चो के अध्यक्ष, प्रकोष्ठाें के संयोजक तथा जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।