सोलन पुलिस की गिरफ्त में चिट्टे के सप्लायर
जिला पुलिस सोलन द्वारा जिला में नशा तस्करों विशेषत: चिट्टा और अन्य नशीली दवाइयों/पदार्थों की तस्करी करने वालों पर लगातार कड़ी नजर रखी जा रही है। पिछले चार महीनों में ही जिला पुलिस ने 8 बड़े चिट्टा तस्करों के नेटवर्कों को ध्वस्त भी किया है, जिससे जिला में चिट्टा तस्करी करने वाले गिरोहों की गतिविधियों में और चिट्टा की सप्लाई में भारी कमी आई है। इसी कड़ी में एक अन्य नेटवर्क को भी तोड़ा गया है जिसमें दिनांक 18-11-23 को सोलन जिला की स्पेशल टीम ने सोलन के माल रोड पर स्थित एक गेस्ट हाउस में दो युवक जो सोलन शहर में नौजवानों को चिट्टा बेचने की फिराक में थे, को उस गेस्ट हाउस से 7.34 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया तथा इस संदर्भ में थाना सदर सोलन में मामला दर्ज किया गयाहै।
दोनों आरोपियों राहुल पुत्र हेमराज उम्र 20 साल निवासी नेपाल और विजय कुमार पुत्र महेंद्र, उम्र 35 साल निवासी सोलन को पुलिस रिमांड पर लेकर अभियोग की आगामी जांच की गई जिसमें पता चला कि आरोपी विजय के खिलाफ़ 3 आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं, जिनमें पोक्सो एक्ट और चोरी के मामले शामिल हैं। ये दोनों आरोपी इस चिट्टा को अपने बिचौलिये दोस्त नरेेंद्र पुत्र रघुवीर सिंह निवासी जौणाजी रोड़ के माध्यम से पैसों का लेन-देन करके खरड़ निवासी चिट्टा तस्कर मोहित से खरीद कर लाये थे।
जिस पर दिनांक 19-11-2023 को पुलिस टीम द्वारा आरोपी नरेेंद्र को अभियोग में गिरफ्तार किया गया। इस अभियोग के आगामी अन्वेषण के दौरान पाया गया कि आरोपी मोहित एक अन्य व्यक्ति का Paytm-wallet व सिम कार्ड पिछले एक साल से प्रयोग कर रहा था, ताकि पुलिस से बचा जा सके। जांच में पैसों के लेन देन और चिट्टा तस्करी के सबूत मिलने पर दिनांक 23-11-2023 को आरोपी मोहित लखनपाल पुत्र धरमपाल निवासी खंरड़ पंजाब, उम्र 28 साल को चिट्टा सप्लाई करने के आरोप में अभियोग में गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी मोहित पिछले 7 वर्षों से ज़्यादा समय से चिट्टा तस्करी कर रहा है। इसके खिलाफ चोरी के मुकदमे भी दर्ज हैं। इस अभियोग में चारो आरोपी राहुल, विजय, नरेंद्र व मोहित न्यायिक हिरासत में हैं। अभियोग में जांच जारी है।
सोलन पुलिस द्वारा इस वर्ष अभी तक बाहरी राज्यों के 72 आरोपियों, जिनमें चिट्टे के 58 बड़े सप्लायर हैं, जो दिल्ली, पंजाब, हरियाणा,चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, असम, महाराष्ट्र आदि राज्यों से हंै, को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 5 अफ्रीकी मूल के नाइजीरियन नागरिक भी शामिल है। इन बाहरी राज्यों के तस्करों द्वारा हिमाचल प्रदेश में चलाये जा रहे चिट्टा तस्करी के 9 बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्को को ध्वस्त कर दिया गया है, जिससे हजारों युवाओं को चिट्टा की आपूर्ति बंद हुई है। जिला पुलिस ने इस वर्ष अभी तक नशा तस्करी के 101 मुकदमे दर्ज करके 211 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
