ज्वालामुखी :कॉलेज जा रही युवती को ट्रेक्टर ने 200 मीटर तक घसीटा, गंभीर घायल
ज्वालामुखी उपमंडल के तहत पुलिस थाना खुंडिया के अंतर्गत खुंडिया बाजार की तरफ जा रही तीन लड़कियों को एक ट्रैक्टर ने बुरी तरह चोटिल करने का मामला प्रकाश में आया है। बताते चलें उक्त तीनों लड़कियां खुंडिया कॉलेज की ओर जा रही थी कि अचानक तेज रफ्तार एक ट्रैक्टर ने रास्ते में चल रही तीन लड़कियों में से एक लड़की को बुरी तरह चोटिल कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो उक्त ट्रेक्टर चालक लड़की को लगभग 200 मीटर तक रगड़ता ले गया, जिससे उक्त लड़की का पैर टूट चुका है, जिसका ऑपरेशन होना है। सूचना मिलते ही मौके पर युवती के परिवारजन भी वहां पहुंचे और उसे अस्पताल लेकर जाया गया। जानकारी के मुताबिक उक्त ट्रेक्टर के पीछे रस्सी लटकी थी और रास्ते पर चलती हुई लड़की से फंस गई, जिससे वह भारी रूप से जख्मी हुई है। इस संदर्भ में पुलिस थाना खुंडिया में थाना प्रभारी योगिंदर सिंह से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
