भाजपा दीप कमल चक्कर में शोक सभा का आयोजन
भाजपा दीप कमल चक्कर शिमला में पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार की पत्नी संतोष शैलजा के देहावसान को लेकर एक शोक सभा का आयोजन किया गया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, सचिव पायल वैद्य, कुसुम सदरेट, भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा के अध्यक्ष राकेश शर्मा, भाजपा सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, शिमला जिला के अध्यक्ष रवि मेहता एवं समस्त कार्यकर्ताओं ने संतोष शैलजा को पुष्पांजलि अर्पित की। शोक सभा में संतोष शैलजा की आत्मिक शांति के लिए 2 मिनट का मौन भी रखा गया। प्रदेश सचिव पायल विद्या ने संतोष शैलजा की जीवनी का वृतांत रखा। भाजपा द्वारा एक शोक प्रस्ताव भी पारित किया गया जिसका वाचन प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जमवाल ने किया।
प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जमवाल ने बताया कि शोक प्रस्ताव भाजपा के सभी मंडलों में पारित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संतोष शैलजा, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार के जीवन में कंधे से कंधा मिलाकर चलीं और उनकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण रही। वह एक शिक्षाविद, प्रसिद्ध लेखिका एवं कवियत्री भी थी। उनके अनेक कहानी-संग्रह, उपन्यास एवं कविता-संग्रह प्रकाशित हुए है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं की ओर से संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि संतोष शैलजा का हिमाचल प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण योगदान रहा। जब आपातकाल में शांता कुमार कारावास में रहे तो उन्होंने अकेले ही अपने पूरे परिवार को देखा। वह एक सरल एवं मधुर भाषणी स्वभाव वाली मजबूत व्यक्तित्व थीं, भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए अभिभावक के तौर पर चिंता करती हुई मार्गदर्शक के रुप में कार्यकर्ताओं को संभालती हुई और चुनाव में प्रचार के दायित्व को भी निभाते हुए शैलजा ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया। शैलजा, शांता कुमार द्वारा किए गए हर संघर्ष में उनके साथ रही।