मंत्री चंद्र कुमार से बोले अनुबंध नियमित कर्मचारी, प्रदेश सरकार नियुक्ति की तिथि से दे वरिष्ठता
हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन ने प्रदेश अध्यक्ष मनीष गर्ग और जिलाध्यक्ष सुनील पराशर के नेतृत्व में आज कैबिनेट मंत्री प्रो चंद्र कुमार को शाहपुर में नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता का लाभ देने के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। संगठन ने सरकार से भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के अंतर्गत नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता देने की मांग की है।
प्रदेश अध्यक्ष मुनीष गर्ग के अनुसार पिछले लंबे समय से कर्मचारियों ने वरिष्ठता की मांग को प्रदेश के हर मंच पर सैकड़ों बार उठाया है, लेकिन अभी तक यह मांग पूरी नहीं हो पाई है। कर्मचारियों ने कहा कि चुनावों से पूर्व उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से सीनियरिटी देने का वादा किया था। कर्मचारियों को उम्मीद है कि सरकार जल्द ही प्रदेश के 70 हजार कर्मचारियों की इस मांग को जरूर पूरा करेगी।
वहीं, जिलाध्यक्ष सुनील पराशर के अनुसार 2008 में पहली बार भाजपा सरकार ने लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ चयन बोर्ड द्वारा भर्ती एवं पदोनित नियमों के अंतर्गत नियुक्त कर्मचारियों को अनुबंध आधार पर नियुक्त किया। सरकारों ने अनुबंध अवधि को कम किया, लेकिन कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से अपना कर्मचारी नहीं माना। पहले यह अवधि सात वर्ष थी, जो कम होते- होते अब दो साल रह गई है।
कमीशन और बैच के आधार पर नियुक्त ये कर्मचारी सभी नियमों और सेवा शर्तों को पूरा करके नियुक्त हुए हैं। इसलिए सरकार या तो उन्हें भी दो साल अनुबंध सेवा के बाद के समय के सभी लाभ दे या सभी को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता प्रदान करे।
कर्मचारियों को उम्मीद है कि जिस तरह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने कर्मचारियों की पुरानी पेंशन की मांग को पूरा किया है, वैसे ही वे नियुक्ति की मांग को भी जल्दी ही पूरा करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष सुनील पराशर, मनदीप चौधरी, अश्वनी, शम्मी कुमार, विजय सैनी, राजेश, कपिल, राहुल, पंकज आदि शामिल रहे।
