देहरा : पूर्व जयराम सरकार में चरम पर था भ्रष्टाचार-नरदेव कंवर
विनायक ठाकुर । देहरा
कांग्रेस मत्स्य विभाग के अध्यक्ष नरदेव कंवर ने कहा है कि प्रदेश में डिनोटिफाई किए गए संस्थानों को लेकर भाजपा लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, जबकि लोग जानते हैं कि पूर्व सरकार ने बिना बजट का प्रविधान किए वोट बैंक की खातिर यह संस्थान खोले थे। इनके खुलने से जनता को कोई नुकसान नहीं हुआ है। नरदेव कंवर ने कहा कि जो भाजपा सुक्खू सरकार से 2 महीने का हिसाब मांग रही है, वह पहले अपने 5 वर्ष के कार्यकाल का हिसाब दें, फिर ही कुछ बोले। नरदेव कंवर ने पूर्व उद्योग एवम परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के समय खूब भ्रष्टाचार हुआ है, जिसकी फाइलें सुक्खू सरकार धीरे-धीरे खोल रही है। जल्द ही भाजपा के कच्चे चिट्ठे जनता के सामने आएंगे। साथ ही उन्होंने पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर को नसीहत देते हुए कहा कि वह सरकार के कामों में हस्तक्षेप न करें। सुक्खू सरकार को उनकी सलाह की जरूरत नहीं है। नरदेव ने कहा कि भाजपा की वजह से कर्मचारी चयन बोर्ड हमीरपुर भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका था।
भाजपा के ही संरक्षण में वहां महिला अधिकारी पेपर लीक करवाती रही। इसकी जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह कदम उठाया है। कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की नीति अपना रही है। इसी के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेशभर में कुछ समय पहले बंद किए गए 900 संस्थानाें को लेकर जनता को गुमराह करने की कोशिश में है। जनता का हितैषी होने का ड्रामा कर रहे भाजपा नेता सबूत सहित बताएं कि इसके लिए कितने बजट का प्रविधान किया गया था। नरदेव ने कहा कि पूर्व जयराम सरकार द्वारा ऐसे संस्थान बनाए जा रहे थे, जिनके लिए बजट का प्रावधान था ही नहीं जयराम सरकार इस बाबत श्वेत पत्र जारी करें, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
