कंडाघाट में चिट्टा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: पंजाब से सप्लायर गिरफ्तार
चिट्टा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना कंडाघाट में दर्ज FIR नंबर 29/26 दिनांक 28 अप्रैल 2026, धारा 21 NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 27/28 अप्रैल 2026 की रात पुलिस थाना कंडाघाट की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक के कब्जे से 18.16 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की थी। आरोपी की पहचान नरेश कुमार उर्फ निशु निवासी सिरीनगर, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन के रूप में हुई थी। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया था।
जाँच के दौरान आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। पूछताछ, बैंक खातों की ट्रांजैक्शन डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण में सामने आया कि आरोपी ने बरामद चिट्टा ₹32 हजार में खरीदा था और भुगतान QR कोड के माध्यम से किया गया था।
इसी आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी बंटी निवासी लुधियाना, पंजाब की पहचान की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पंजाब के राजपुरा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 7 मई 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि नरेश कुमार उर्फ निशु लंबे समय से कंडाघाट और वाकनाघाट क्षेत्र में युवाओं और छात्रों को चिट्टा सप्लाई कर रहा था। आरोपी के खिलाफ पहले से चिट्टा तस्करी के चार मामले दर्ज हैं, जिनमें कुल 20.71 ग्राम चिट्टा बरामद हो चुका है। इसके अलावा उसके खिलाफ मारपीट का एक मामला भी दर्ज है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को दिसंबर 2025 में PIT NDPS एक्ट, 1988 के तहत तीन महीने की निवारक हिरासत में भी रखा गया था। जेल से रिहा होने के बाद वह फिर से नशा तस्करी में सक्रिय पाया गया।
फिलहाल दूसरे आरोपी बंटी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और मामले की छानबीन जारी है।
