सोलन: नालागढ़ में दिनदहाड़े गोलीकांड, युवक को गोली मारकर किया घायल, PGI रेफर
सोलन जिले के नालागढ़ में दिनदहाड़े फायरिंग की घटना सामने आई है। वार्ड नंबर-2 में एक युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान वार्ड नंबर-2 निवासी आमिर खान के रूप में हुई है। यह घटना दोपहर करीब 12 बजे के आसपास हुई। जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात युवक ने आमिर खान पर अचानक गोली चला दी। गोली आमिर खान के दाहिने हाथ में लगी, जबकि उसके कुछ छर्रे पेट में भी घुस गए। गोली गलने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद, आमिर ख़ान को उसके परिजन इलाज के लिए नालागढ़ अस्पताल ले गए। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया। अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गोली लगने का एक केस आया था। घायल की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे तुरंत PGI चंडीगढ़ भेजा गया है।
