जयसिंहपुर में यादविंदर गोमा के स्वागत को सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

-जगह-जगह फूलमालाओं, पुष्प वर्षा व ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ स्वागत
-बोले, प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐतिहासिक निर्णय ले रही सरकार
प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र जयसिंहपुर पहुंचे मंत्री यादविंदर गोमा का स्वागत करने को स्थानीय लोग जनसैलाब के रूप में सड़कों पर उमड़े। जयसिंहपुर विधानसभा के प्रवेश द्वार आलमपुर पुल से पंचरुखी तक हजारों लोगों ने कैबिनेट मंत्री का जगह-जगह फूलमालाओं, पुष्प वर्षा व ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया।
इस दौरान यादविंदर गोमा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में एक मजबूत सरकार है और मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता से प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय से कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री और केंद्रीय शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा ने सोनिया गांधी, कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का उन्हें हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिये आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि मंत्री के रूप जो दायित्व उन्हें सौंपा गया उस पर खरा उतरेंगे और पूरी क्षमता के साथ प्रदेश हित्त में कार्य करेंगे। उन्होंने जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के लाखों मतदाताओं का भी आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि लोगों के आशीर्वाद और स्नेह से उन्हें सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल होने का अवसर प्राप्त है।