डाडासीबा :108 में फिर गूंजीं किलकारियां, प्रवासी महिला ने स्वस्थ बच्चे को दिया जन्म
हिमाचल प्रदेश जिला कांगड़ा में 108 एंबुलेंस सेवा गर्भवती महिलाओं के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है। इसका ताजा उदाहरण गुरुवार सुबह सीरां दा भरोअ बनखंडी में उस बक्त देखने को मिला जब बिहार की 22 वर्षीय महिला ने आपातकालीन गाडी़ 108 में स्वस्थ लडके को जन्म दिया।
जानकारी के अनुसार गांव बीहण की गर्भवती प्रवासी महिला पूनम पत्नी संजीत कुमार निवासी सीतामढ़ी, बिहार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुयी। महिला को निजी वाहन से सिविल हॉस्पिटल देहरा पहुंचा गया। देहरा हॉस्पिटल में महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद महिला की नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज टांडा के लिए रेफर किया गया।
अस्पताल ले जाते समय महिला की तबीयत और खराब होने लगी। महिला की हालत देख एंबुलेंस में तैनात ईएमटी पवन कुमार और चालक संजीव कुमार ने गांव बनखंडी सीरां दा भरोअ के पास रोककर महिला का सफल प्रसव करवाया। महिला ने स्वस्थ लड़के को जन्म दिया।
