डाडासीबा : पक्का टियाला से गुराला सड़क के किनारे खुदाई से मार्ग की हालत खस्ता
जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत पक्का टियाला से गुराला सड़क मार्ग के किनारे ऑप्टिकल फाइबर लाइन बिछाने के चलते इस मार्ग की हालत खस्ता हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही से कुछ वर्ष पहले बनाया गया सड़क मार्ग बुरी तरह से उखाड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग स्पष्ट करे कि निजी कंपनियों द्वारा उखाड़ी जा रही सड़कों की रिपेयर के लिए इनके द्वारा कितना बजट विभाग के पास जमा करवाया गया है, क्योंकि बड़े पैमाने पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।
लोगों का यह भी कहना है कि अभी हाल ही में सड़क का निर्माण किया गया था। अब इस सड़क के किनारे खुदाई करना बिलकुल गलत है। बरसात के दिनों में यह सड़क साइड से बैठ जाएगी, जिससे लोगों को आवागमन करने में भारी समस्या का सामना करना पड़ेगा। वहीं, इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग विभाग डाडासीबा के एसडीओ राजन कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सड़क के साइड में खुदाई करने की परमिशन विभाग ने दी है। इसकी अदायगी विभाग को ठेकेदार द्वारा की गई है। अगर कार्य के दौरान कोई कमी है तो सड़क की रिपेयरिंग की जाएगी।
