डाडासीबा : सोशल मीडिया पर पत्रकार को मिली जान से मारने की धमकी, 1100 पर शिकायत दर्ज
( words)
सोशल मीडिया पर डाडासीबा में एक दैनिक समाचार के पत्रकार को जान से मारने की धमकी का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि अब डाडासीबा में ही एक और समाचार पत्र के पत्रकार सुनील कुमार को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने इसकी शिकायत एसपी कांगड़ा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों से की है। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि कुछ दिन पहले उन्होंने जसवां परागपुर में जीवन धीमान मारपीट केस ससे संबंधित समाचार प्रकाशित किया था, जिसमें जसवां-परागपुर के एक राजनीतिक दल के नेता के लोगों पर मारपीट का आरोप लगा था।
शिकायत पत्र में कहा गया है कि नेता के एक करीबी युवक ने उनकी पोस्ट पर गलत कमेंट और धमकी देना शुरू कर दिया। उन्होंने इन बातों को इग्नोर कर दिया और किए गए कमेंट को डिलीट कर दिया। लेकिन, 13 जनवरी को दोबारा से इस युवक ने सोशल मीडिया पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
उन्होंने एसपी कांगड़ा को भेजे शिकायत पत्र में कहा है कि अगर कल को उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटती है तो इसके लिए धमकी देने वाला युवक व उसे संरक्षण देने वाले लोग जिम्मेदार होंगे। सुनील कुमार ने इस मामले की तुरंत जांच करने की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इसी मामले को लेकर उन्होंने सीएम हेल्पलाइन नंबर 1100 पर भी शिकायत दर्ज करवाई है।
वहीं, पत्रकारों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार की समाजसेवी मुकेश कुमार ने भी कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए जो पत्रकारों को सोशल मीडिया पर धमकी दे रहे हैं।
