डाडासीबा : बठरा की नेहा कौशल ने पास की यूजीसी नेट की परीक्षा
जसवां परागपुर विधानसभा के तहत पड़ती तहसील डाडासीबा के गांव बठरा की नेहा कौशल ने यूजीसी नेट परीक्षा पास कर माता-पिता सहित जिले का नाम रोशन किया है। नेहा यूजीसी नेट विषय हिंदी में 96.69 प्रतिशत अंक हासिल कर अन्य के लिए प्रेरणा स्रोत भी बन गई हैं। नेहा की 12वीं तक की पढ़ाई बठरा के सरकारी स्कूल में हुई है, जबकि स्नातकोत्तर की डिग्री ढलियारा कॉलेज से पास की है। नेहा शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रहती आयी है। नेहा ने शिक्षक पात्रता परीक्षा भी पास की हुई है l नेट की तैयारी उसने घर पर रहकर ही की थी।
साधारण परिवार से संबंधित नेहा के पिता रतन चंद राजमिस्त्री हैं और मां कृष्णा देवी गृहिणी हैं। नेहा की तीन बहनें और एक भाई है। बाकी बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा भाई प्राइवेट नौकरी करता है l नेहा के पिता रतन चंद अपनी बेटी की सफलता बेहद ख़ुश हैं। नेहा का सपना शुरू से ही शिक्षक बनने का था और अब उसने असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा के लिए पात्रता हासिल कर ली है। नेहा ने कहा कि वह अपने सपने को साकार करने के लिए प्रयासरत है। उसका कहना है कि अगर रात दिन मेहनत की जाए सफलता पाना कोई मुश्किल काम नहीं है। छात्रा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार वालों और अपने ख़ास दोस्तों को दिया है।
