डाडासीबा : आरा चौक में सड़क किनारे की खुदाई से पानी की पाइप टूटी
डाडासीबा-ढलियारा मार्ग पर आरा चौक में सड़क के किनारे ऑप्टिकल फाइबर केबल डालने के लिए सड़क उखाड़ी जा रही है। स्थानीय लोगों कुलदीप सिंह, ललित, विशाल, अशोक कुमार, बलवंत सिंह, शामलाल व सुशील कुमार ने बताया बुधवार देर रात को जेसीबी की सहायता से इस सड़क को उखाड़ा जा रहा था। खुदाई से पेयजल की पाइप टूट गई, जिससे 20 परिवारों को वीरवार शाम तक पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। उन्होंने आरोप लगाया कांट्रेक्टर रात के अंधेरे में सड़क के किनारे खुदाई करवा रहा है, जिससे सड़क को भी काफी मात्रा में नुकसान हो रहा है।
वहीं, इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग डाडासीबा के एसडीओ राजन कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया जेई की ड्यूटी लगाई गई है।
अगर ठेकेदार जेसीबी से खुदाई करना बंद नहीं करता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। उधर, अधिशासी अभियंता परागपुर सुमेश राज धीमान से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जेसीबी से जल शक्ति विभाग की पेयजल लाइन को काफी क्षति पहुंची है। मौके पर पाइपलाइन को जोड़ने के लिए कर्मचारी भेजे गए हैं।
