डीएवी कॉलेज कांगड़ा ने मनाया अपना वार्षिक पारिताेषिक वितरण समारोह
विधायक शाहपुर केवल सिंह पठानिया ने की बताैर मुख्यातिथि शिरकत, मेधावीयों को बांटे पुरस्कार
तिलक राज। कांगड़ा
डीएवी कॉलेज कांगड़ा के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह के मौके पर विधायक शाहपुर केवल सिंह पठानिया मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। मुख्यातिथि का कॉलेज पहुंचने पर प्रिंसिपल बलजीत सिंह पटियाल द्वारा पुष्प देकर स्वागत किया गया। इसके उपरांत उन्होंने दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ करवाया। वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह के मौके पर कॉलेज छात्रों द्वारा रंगारंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए। अपने संबोधन के दौरान मुख्य अतिथि ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग शिक्षा का युग है। उन्होंने कहा आज हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय सुखविंदर सिंह छात्र राजनीति से निकलकर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने अपने बारे में बताते हुए कहा कि वे स्वयं भी छात्र राजनीति से निकलकर आज यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने अपनी विद्यार्थी समय की कई यादें छात्रों के साथ सांझा की। उन्होंने अपने संबोधन दौरान डीएवी संस्था के संस्थापक मेहर चंद महाजन को याद करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा वर्तमान हिमाचल प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश को पूरे देशमें अग्रणी बनाएगी, जिसका उदाहरण मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश के वर्तमान में शिक्षा के लिए किए गए निर्णयों से मिलता है।
इसमें डे-बोर्डिंग स्कूलों को शुरू करके गुणात्मक शिक्षा प्रदेश के बच्चों को देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा हमारी सरकार व्यवस्था परिवर्तन के लिए बनी है और हमारी सरकार द्वारा लिए गए सभी निर्णय प्रदेश की जनता के हित के लिए होंगे, जिसमें चाहे वर्तमान में ओपीएस लागू करके प्रदेश के लाखों कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान देना है। उन्होंने कहा प्रदेश के युवाओं को रोजगार मुहैया करवाने के लिए एक निष्पक्ष माहौल प्रदेश की सरकार देने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने परीक्षाओं, खेलकूद प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले छात्रों को और मौके पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को पुरस्कार वितरित किए। आज के इस वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यातिथि सहित कॉलेज प्राचार्य बलजीत सिंह पटियाल गणमान्य व्यक्तियों में नवनीत शर्मा, प्रदीप कुमार, विपुल, विवेक राणा, अशोक हिमाचली, विजय कुमार, राकेश महाजन, वेद प्रकाश शर्मा, अशोक शर्मा, नागेश्वर मनकोटिया, संदीप मित्तल मनीष पांजलु व कॉलेज शिक्षक और कॉलेज के छात्र मौजूद रहे।
