डाडासीबा : संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब हुए बुजुर्ग की पेड़ से लटकी हुई मिली लाश
पुलिस चौकी डाडासीबा के तहत पंचायत नंगल चौक के वार्ड 6 से 2 दिनों से लापता हुए 66 वर्षीय बुजुर्ग जगदीश चंद की लाश घर से करीब 3 किलोमीटर दूर रोड़ी कोड़ी में मिली है। बुजुर्ग ने वहां वृक्ष से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक ने परने से फांसी का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। शुक्रवार सुबह कुछ लोगों ने देखा कि एक व्यक्ति पेड़ से लटका हुआ है तो उन्होंने पंचायत प्रधान को सूचित किया। रोड़ी कोड़ी पंचायत के प्रधान बलविंदर सिंह ने इसकी सूचना डाडासीबा पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक की डेड बॉडी को पेड़ से नीचे उतारा।
बता दें कि जगदीश कुमार गुरुवार सुबह से घर से गायब हो गए थे। उनकी पत्नी निर्मला देवी ने बताया कि उनके पति शौच के लिए घर से कुछ दूर बने शौचालय गए थे। काफी देर तक जब वापस नहीं आए तो उन्होंने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई भी पता नहीं चला। परिजनों के अनुसार जगदीश डिप्रेशन की बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज हमीरपुर में चल रहा था। उधर, इस संबंध में चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह पटियाल से बात की गई तो उन्होंने बताया पुलिस ने डेड बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के लिए देहरा भेजा है। पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है।
