देहरा : सड़क पर चली नाव, सरकार के चेहरे से उतरा नकाब :बिक्रम ठाकुर
पूर्व मंत्री एवं जसवां-परागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत डाडासीबा में सड़क पर खड़े पानी में नाव चलाने को लेकर वायरल वीडियो को लेकर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। उनका कहना है कि यह वीडियो सरकार की कथनी और करनी की पोल खोलने वाला है। इससे साबित होता है कि सरकार विकास के प्रति कितनी गंभीर है। डाडासीबा जैसे मुख्य इलाके में ही सड़क का यह हाल है तो दूरदराज के इलाकों में स्थिति और भी खराब होगी। एक बयान में बिक्रम ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का नारा देकर सत्ता में आई कांग्रेस के चेहरे से नकाब पूरी तरह हट चुका है।
अपने छह माह के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार ने सिर्फ भाजपा सरकार की ओर से खोले गए संस्थान बंद किए हैं। सरकार का ध्यान विकास की तरफ है ही नहीं। सत्ता संभालने के कुछ माह के भीतर ही लोगों का सरकार से मोह भंग हो गया है। जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के डाडासीबा में सड़क पर खड़े पानी में नाव चलाकर दुकानदारों का विरोध प्रदर्शन इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि डाडासीबा जैसे स्थान से रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों का आनाजाना होता है। करीब दो सौ मीटर लंबी सड़क पर खड़े इस पानी की वजह से किसी हादसे की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता। बिक्रम ने प्रदेश सरकार और उसके नेता अहम स्थानों के प्रति इतना उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। सिर्फ डाडासीबा ही नहीं प्रदेश के कई क्षेत्रों में ऐसी ही हालत बनी हुई है।
