देहरा : बंद किए संस्थानों को दोबारा खोलने की घोषणा करें मुख्यमंत्री : बिक्रम ठाकुर
पूर्व उद्योग मंत्री तथा जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक बिक्रम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से डि-नोटिफाई किए गए संस्थानों को खोलने की मांग करते हुए कहा है कि यदि मुख्यमंत्री बंद किये गये संस्थानों को पुन: खोलने तथा विभागों में एक ठेका लेने के लिए 10 प्रतिशत कमीशन लेने के मामले की जांच करवाएं तो उनका जसवां परागपुर में हार्दिक स्वागत है।
भाजपा नेता ने कांग्रेस के नेताओं पर स्कूलों के प्रधानाचार्यों तथा मुख्याध्यापकों पर वार्षिकोत्सव कार्यक्रमों में बुलाने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल के बच्चों से पैसे एकत्रित कर कांग्रेस नेता से 11 हजार रुपये देने की झूठी घोषणाएं करवाई जा रही हैं। उन्होंने जसवां परागपुर में पनप रहे भ्रष्टाचार और आम जनमानस को परेशान बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को इन सब बातों का जवाब अपने दौरे के दौरान देना होगा। जसवां परागपुर में 2 एसडीएम तथा 1 बीडीओ ऑफिस को बंद करने का आरोप लगाते हुए बिक्रम ठाकुर ने टूरिज्म प्रोजेक्ट का स्वागत करते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री इस क्षेत्र को टूरिज्म प्रोजेक्ट देकर जाते हैं तो यह स्वागत योग्य कदम है लेकिन बंद किए गए दफ्तरों को खोलने से आम जनमानस को बड़ी सुविधा मिलेगी।
राज्य स्तरीय लोहड़ी मेले पर पूछे गए सवाल के जवाब में भाजपा नेता ने इसे गांव के मेले से भी छोटा करने का आरोप सरकार पर लगाते हुए कहा कि इस क्षेत्र के लोग भाजपा सरकार के कार्यकाल में आयोजित हुए 5 लोहड़ी मेलों को याद कर रहे हैं, जिस दौरान जसवां प्रागपुर इलाके के लोगों ने लोहडी मेले का पूरा लुत्फ उठाया। लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह से एक विभाग वापिस लेने तथा उनके द्वारा प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में यू टर्न लेने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में विक्रम ठाकुर ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह को शुरू से ही दरकिनार करने की कोशिश हो रही है और एक विभाग वापस लेना इसी का हिस्सा है। प्रभु राम के दर्शन करने के लिए कांग्रेस के नेताओं को अपने राष्ट्रीय नेताओं से अनुमति लेनी पड़ रही है क्योंकि वे अपने आप को भगवान राम से भी ऊपर मानते हैं।
