देहरा : चिंतपूर्णी के निजी होटल में मिली व्यक्ति की लाश
पुलिस थाना देहरा के अंतर्गत पंचायत गंगोट स्थित एक निजी होटल के कमरे में व्यक्ति की मौत का कथित मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति ने इस निजी होटल में कमरा लिया था। सुबह होटल वालों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसने नहीं खोला। मामले में देहरा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है।
गंगोट पंचायत के उप प्रधान सौरभ पराशर ने बताया कि मृतक की पहचान रणजीत सिंह उम्र 43 साल पुत्र सरवन राम, निवासी बलवाल बंगा नवाशहर पंजाब के रूप में हुई है। उप प्रधान के अनुसार व्यक्ति ने अधिक शराब पी रखी थी, जिससे उसकी मौत हुई है। हालांकि पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी देहरा संदीप पठानिया टीम सहित घटना स्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। जल्द ही शव को पोस्टमार्टम करवाने के लिए अस्पताल भेजा जाएगा।
