देहरा : अनुराग ठाकुर की बड़ी सोच से धर्मशाला को बड़ा रुतबा मिला : डॉ. सुकृत सागर
क्रिकेट जगत के सबसे बड़े इवेंट विश्व कप के पांच मैचों की मेजबानी हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के धर्मशाला स्टेडियम को मिलना हर हिमाचली के लिए गर्व की बात है। हिमाचल जैसे छोटे राज्य ने अनुराग सरीखे नेता की कड़ी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। अनुराग ठाकुर की कड़ी मेहनत के बाद अरुण धूमल की सूझबूझ व कार्यक्षमता ने एचपीसीए को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। धर्मशाला को पांच मैच मिलने पर अनुराग ठाकुर का धन्यवाद करते हुए भाजपा युवा नेता डॉ. सुकृत ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र धर्मशाला में दुनिया का सबसे खूबसूरत स्टेडियम बनाना कोई आसान काम नहीं रहा होगा, लेकिन अनुराग ठाकुर की दृढ़ इच्छा शक्ति से ही यह मुमकिन हो पाया है।
डॉ. सुकृत ने कहा कि विश्व कप के पांच मैच मिलने के बाद जहां पूरे हिमाचल का नाम विश्व में ऊंचा हुआ है, वहीं खेल के क्षेत्र में इस छोटे राज्य के युवाओं की संभावनाएं बड़ी हैं। उन्होंने कहा कि हजारों की संख्या में देश विदेश से लोग धर्मशाला में मैच देखने आएंगे, जिससे टूरिज्म क्षेत्र से जुड़े लाखों हिमाचलियों को लाभ होगा। जब यह क्रिकेट प्रशंसक वापस जाएंगे तो हिमाचल की खूबसूरती व संस्कृति का प्रचार-प्रसार अपने-अपने क्षेत्र में करेंगे, जिससे आगामी वर्षों में भी हिमाचल के टूरिज्म को बल मिलेगा। डॉ. सुकृत ने हिमाचल को विश्व कप के पांच अंतरराष्ट्रीय मैचों का तोहफा देने के लिए अनुराग ठाकुर, बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल व एचपीसीए का आभार व्यक्त किया।
