देहरा: ट्रैफिक नियमों का पालन करें वाहन चालक, अन्यथा होगी कार्रवाई: डीएसपी
डीएसपी देहरा अनिल कुमार ने वाहन चालकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नियमों की अवेहलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डीएसपी ने कहा कि दोपहिया वाहन चालक जब भी रास्ते पर चलें तो हेलमेट का प्रयोग करें, वहीं कार चालक सीट बेल्ट का इस्तेमाल सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कार या बाइक चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों, ट्रिपल राइडिंग, अंडर एज ड्राइविंग, बिना हेलमेट, गलत दिशा में ड्राइविंग, ओवर स्पीड, बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाने करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। यातायात नियमों की अवहेलना करने की वजह से दूसरे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
डीएसपी ने कहा कि आमजन के साथ यातायात पुलिस कर्मचारियों को नम्रतापूर्वक व्यवहार कर उनका सहयोग लेकर यातायात-व्यवस्था को सुचारू बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पॉट व खराब सड़कों को चिह्नित करें, ताकि संबंधित विभाग को अवगत कराकर उन्हें ठीक करवाया जा सके। डीएसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हम सब का नैतिक कर्तव्य है। अगर हर वाहन चालक जागरूक होकर ट्रैफिक नियमों का पालन करें तो वास्तव में सड़कों पर होने वाले हादसों पर काबू पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि निर्धारित आयु वर्ग से पहले वाहन चलाने से भी परहेज करना चाहिए।
डीएसपी ने कहा कि शिक्षित वर्ग के लोग भी यातायात नियमों की अवहेलना करते हैं, जिसके कारण हादसों में बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने स्कूली बच्चों से कहा कि वो अपने घरवालों को भी यातायात नियमों के बारे में जागरूक करके अभियान में सहयोग करें। नियमों से अनजान युवा वर्तमान में हादसों का शिकार हो रहे हैं। वाहन चलाते समय कोई भी जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट का प्रयोग अवश्य करना चाहिए, ताकि बिना हेलमेट के बिना होने वाले हादसों में कमी आ सके वहीं उन्होंने कहा कि सड़क हादसों के ग्राफ में कमी लाने के लिए सड़क एवं यातायात के नियमों की जानकारी होना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सड़क पर अधिकांश दुर्घटनाओं के पीछे लापरवाही कारण होता है। ऐसे में यातायात के नियम चालकों को सही एवं सुरक्षित वाहन चलाने की सीख देते हैं। यातायात नियमों की जानकारी केवल वाहन चालकों को ही नहीं, बल्कि एक आम आदमी, एक राहगीर को भी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशा करके कभी भी गाड़ी नहीं चलानी चाहिए। ऐसे लोग स्वयं तो काल का ग्रास बनते ही हैं साथ ही अन्य मासूम लोगों के लिए भी काल साबित होते हैं।
