देहरा: रक्कड़ कॉलेज में 'फिट इंडिया फ्रीडम रन-4' का आयोजन
-अभिषेक और कनिका धीमान ने हासिल किया प्रथम स्थान
राजकीय महाविद्यालय रक्कड़ में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर जसपाल सिंह राणा के निर्देशन में स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत थीम के अंतर्गत फिट इंडिया फ्रीडम रन- 4 कॉलेज परिसर से स्वस्थानी माता मंदिर व मंदिर से कॉलेज परिसर तक आयोजित की गई। महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज सूद ने दौड़ का विधिवत प्रारंभ करते हुए सभी प्रतियोगियों, स्वयंसेवियों व छात्रों को स्वच्छता के नियमों का पालन करते हुए स्वच्छता व स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा आह्वान किया कि सभी छात्रों को ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
इस दौड़ में अभिषेक बीए तृतीय वर्ष ने प्रथम स्थान, वंश बीए प्रथम वर्ष ने दूसरा स्थान तथा अभिषेक बीकॉम प्रथम वर्ष ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में कनिका धीमान बीकॉम तृतीय वर्ष ने प्रथम स्थान, प्रीति ठाकुर बीकॉम तृतीय वर्ष ने दूसरा स्थान तथा प्रीति ठाकुर बीए द्वितीय वर्ष ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में लगभग 60 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रो. विकास वमा, डॉ. सुषमा, प्रो. मीना, प्रो. रविंद्र, प्रो. शैलजा तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर जसपाल राणा उपस्थित रहे।
