देहरा : व्यवस्था परिवर्तन के सिद्धांत को सच साबित कर रहा 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम : डॉ. राजेश
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देहरा ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए देहरा स्थित श्री बालाजी हवेली (रिवर व्यू) में मीटिंग का आयोजन किया। इस मीटिंग में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा विशेष तौर पर उपस्तिथ रहे। डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की शुरुआत की है, जिसमें आम जन की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया जाएगा।
डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजनों की शुरुआत करके मुख्यमंत्री ने व्यवस्था परिवर्तन के सिद्धांत को सच में साबित किया है। सरकार सीधे जनता के द्वार पर आकर समाधान कर रही है। देहरा विधानसभा में भी सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। डॉ.राजेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि देहरा विधानसभा के हर घर तक सरकार के इस कार्यक्रम के आयोजन की जानकारी पहुंचाने का कार्य करना है, साथ ही देहरा विधानसभा को हिमाचल प्रदेश की आदर्श विधानसभा बनाना ही उनका लक्ष्य है।
देहरा विधानसभा को सभी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए वो हमेशा से प्रयासरत हैं। जब तक देहरा विधानसभा आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित नहीं हो जाता है, वे ऐसे ही प्रयास करते रहेंगे। देहरा में इस कार्यक्रम का आयोजन ठाकुर कॉलेज ऑफ एक्ससिलेंस के साथ लगते मैदान में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर इंडस्ट्री मिनिस्टर हर्षवर्धन चौहान भाग ले रहे हैं। ब्लॉक कांग्रेस मीटिंग में ब्लॉक अध्यक्ष विजय चौधरी सहित तमाम वरिष्ठ व कर्मठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया है।
