देहरा : निचला करियाड़ा में मकान में लगी आग, लाखों का नुकसान
( words)
निचला करियाड़ा में मंगलवार सुबह साढे 8 बजे 76 वर्षीय बुजुर्ग कृष्ण दत्त शर्मा के मकान में अचानक आग लग गई। इस अग्निकांड में कमरे में रखे सोने-चांदी के जेबरात, नकदी व कपड़ों से भरी अलमारी, फर्नीचर सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। घर में जब आग लगी तो बुजुर्ग कृष्ण दत्त अपने परिवार के साथ गेहूं की कटाई करने खेतों में गया था। घटना का पता चलते ही गांव के लोग आग बुझाने में जुट गए। लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके। लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग व पुलिस थाना देहरा को दी। जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक बजुर्ग की जीवन भर की जोड़ी संपत्ति जलकर राख हो चुकी थी। आग लगने का कारण बिजली का शाट सर्किट बताया जा रहा है। पंचायत प्रधान लीला देवी व उप प्रधान राज कुमार ने कहा कि बजुर्ग कृष्ण दत्त का भारी नुकसान हुआ है। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तुरंत फौरी राहत देने की मांग उठाई है।
वहीं मौके पर पहुंचे एचएएसआई जगबीर सिंह, हेड कांस्टेबल प्रेम कुमार, महिला पुलिश कर्मी पूजा देवी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में बिजली का शाट सर्किट होने से आग लगने की बात सामने आई है। वहीं, हलका पटवारी कर्म चंद ने कहा कि नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
