देहरा: दयाल पंचायत के खेल मैदान में कबड्डी टूर्नामेंट का शुभारंभ
ढलियारा खड्ड में स्थित दयाल पंचायत के खेल मैदान में वीरवार को कबड्डी टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। शुभारंभ श्री बालाजी समूह के प्रबंध निदेशक डॉ. राजेश शर्मा ने किया। शर्मा ने कहा कि युवा इस देश की रीढ़ हैं। युवाओं के बल पर ही आज भारत विश्व के अग्रणी देशों में अपना स्थान बना चुका है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि खेलकूद को अपने जीवन का अहम अंग बनाएं और दूसरों को भी इस इसके लिए जागरूक करें।
प्रतियोगिता का आयोजन मां बगलामुखी खेल कमेटी नैहरन पुखर/ढलियारा कर रही है। 19 से 21 अक्टूबर तक चलने वाली इस खेल प्रतियोगिता में हिमाचल समेत हरियाणा, पंजाब और दिल्ली की भी करीब 40 टीमें भाग लेने जा रही हैं। इसमें सीनियर और अंडर-19 के वर्ग बनाए गए हैं। इस प्रतियोगिता में सीनियर टीम के विजेता को 71 हजार और उपविजेता को 51 हजार रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे।
अंडर-19 वर्ग में यह इनाम 21 और 11 हजार रुपये है। कमेटी के संयोजक अजय कुमार, वीरेंद्र मनकोटिया और तरसेम ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर 19 वर्ग के मुकाबले हुए। फाइनल मुकाबले 21 अक्टूबर को होंगे। इसमें दयाल पंचायत से संबंधित एवं चंडीगढ़ के प्रतिष्ठित व्यवसायी छोटू शर्मा मुख्य अतिथि रहेंगे। विनायक ठाकुर, वीरेंद्र मनकोटिया, अजय कुमार जफ्फा, विकास पटियाल, अंकुश शर्मा, दलजीत चौहान, मनोज कुमार टूर्नामेंट को सफल बनाने में अपना भरपूर योगदान दे रहे हैं।
