देहरा: दयाल के खेल मैदान में कल शुरू होगा कबड्डी टूर्नामेंट
ढलियारा खड्ड में स्थित दयाल पंचायत के खेल मैदान में वीरवार से कबड्डी टूर्नामेंट शुरू होने जा रहा है। इसका आयोजन मां बगलामुखी खेल कमेटी नैहरन पुखर/ढलियारा करवा रही है। 19 से 21 अक्टूबर तक चलने वाली इस खेल प्रतियोगिता में हिमाचल समेत हरियाणा, पंजाब और दिल्ली की भी करीब 40 टीमें भाग लेने जा रही हैं। इसमें सीनियर और अंडर-19 के वर्ग बनाए गए हैं। कमेटी के संयोजक अजय कुमार व वीरेंद्र मनकोटिया और प्रधान मनोज कुमार ने बताया कि सीनियर टीम के विजेता को 71 हजार और उप विजेता को 51 हजार रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे।
अंडर-19 वर्ग में यह इनाम 21 और 11 हजार रुपये है। प्रतियोगिता का उद्घाटन श्रीबाला जी अस्पताल कांगड़ा के प्रबंध निदेशक डॉ. राजेश शर्मा करेंगे। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के रहने और खाने का प्रबंध कमेटी की ओर से किया गया है। खेल को प्रोत्साहन देने के लिए किसी टीम से एंट्री फीस भी नहीं ली जा रही है। वहीं, संयोजक अजय कुमार व वीरेंद्र मनकोटिया ने कहा कि कबड्डी भारत में खेले जाने वाले सबसे रोमांचक खेलों में से एक है जिसमें जीतने के लिए ऊर्जा और रणनीति दोनों की आवश्यकता होती है। कबड्डी एक ऐसा खेल है जिसकी शुरुआत पहले भारत के दक्षिणी भाग में हुई थी, जहां खिलाड़ियों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया था, लेकिन अब, यह पूरे देश में व्यापक रूप से खेला जाता है।
