देहरा : केंद्रीय विद्यालय नलेटी की छात्रा यशिका इसरो के युविका कार्यक्रम के लिए चयनित
केंद्रीय विद्यालय नलेटी की कक्षा दसवीं की छात्रा यशिका का इसरो के युविका कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। चयनित छात्रा को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ रिमोट सेंसिंग (IIRS) देहरादून में ग्रीष्मावकाश के दौरान दो सप्ताह के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें प्रख्यात वैज्ञानिकों से वार्तालाप करने का अवसर मिलेगा तथा प्रबुद्ध वैज्ञानिक अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही वैज्ञानिक प्रयोगों का प्रदर्शन, प्रयोगशालाओं का भ्रमण, विशेषज्ञों के साथ चर्चा करने तथा प्रैक्टिकल सत्र में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा।
स्कूल प्राचार्य स्वाति अग्रवाल ने कहा कि यह हमारे विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि हमारे बच्चों में उत्साह और प्रेरणा शक्ति के रूप में कार्य करेगी। बच्चों को इस तरह के अवसर मिलने से बच्चों की बौद्धिक, वैज्ञानिक चेतना को पनपने का उचित वातावरण मिलता है और विषय को अलग तरीके से सोचने में सक्षम होते हैं।
