देहरा: अंडर-19 कबड्डी स्पर्धा में खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा चैंपियन
-महादेव गौशाला नालागढ़ की टीम रही उप विजेता
खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा (सोलन) की टीम नैहरन पुखर में चल रहे कबड्डी टूर्नामेंट के अंडर-19 वर्ग की विजेता बनी है, जबकि महादेव गौशाला नालागढ़ की टीम उप विजेता रही। बेस्ट रेडर राजपुरा के धीरज और बेस्ट डिफेंडर नालागढ़ के संदीप कालू रहे। फाइनल मुकाबले में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे उद्योगपति कुलवंत सिंह ने विजेता टीम को 21000 और उप विजता टीम को 11000 रुपये की राशि और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
साथ ही टूर्नामेंट का आयोजन करवाने वाली मां बगलामुखी खेल कमेटी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों की सराहना की। इससे पहले सुबह प्रतियोगिता की शुरुआत ढलियारा से जिला परिषद सदस्य ईशान शर्मा ने की।
उन्होंने कमेटी को 11000 रुपए भेंट किए। कार्यक्रम में हिंदी में कमेंट सतेंद्र डढवाल, पहाड़ी में विनायक ठाकुर और पंजाबी में रॉकी मांगेवाल ने की। उन्होंने कहा कि आज के समय में इंडोर गेम की तरफ युवाओं का रुझान बढ़ रहा है। ऐसे में इस तरह के आयोजन स्वागत योग्य हैं।
कमेटी के संयोजक अजय कुमार, तरसेम ठाकुर और वीरेंद्र मनकोटिया ने बताया कि शनिवार को ओपन कैटेगरी के मैच होंगे। इसमें हरियाणा और पंजाब की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं। इसके विजेता को 71000 और उप विजेता को 51000 रुपए इनाम में दिए जाएंगे। इस मौके पर समाजसेवी सलामदीन, कमेटी सदस्य अंकुश शर्मा, दलजीत चौहान, विनायक ठाकुर, मनोज कुमार, सुनील राणा, अविनाश धीमान, मोहित ठाकुर, दलजीत कालू, रोहित चौहान आदि मौजूद रहे।
