देहरा: बिलासपुर में शराब ठेका खोलने के विरोध में नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
( words)
देहरा विधानसभा क्षेत्र के तहत विकास खंड नगरोटा सूरियां की पंचायत बिलासपुर में शराब ठेके का विरोध कर रही महिलाएं हरिपुर तहसील में नायब तहसीलदार से मिलीं और शराब ठेके को बंद करने का ज्ञापन सौंपा। बता दें कि शनिवार रात को बिलासपुर में शराब ठेका खुलने की भनक ग्रामीणों को लगी तो ग्रामीण महिलाएं शराब ठेके के विरोध में सड़कों पर उतर आईं और शराब ठेके को बंद करने की मांग में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सोमवार को महिलाएं शराब ठेका खोलने के विरोध हरिपुर के नायब तहसीलदार रजिंदर कुमार के माध्यम से प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया, जिसमे तर्क दिया गया है कि बिलासपुर में जिस जगह ठेका खोला गया है वहां आंगनबाड़ी केंद्र 100 मीटर के दायरे के अंदर है। इधर, शराब ठेके का विरोध कर रहे ग्रामीण जब सोमवार को धरना स्थल पर कोई भी दिखाई नहीं दिया तो क्षेत्र में अफवाह फैल गयी कि धरना प्रदर्शन महिलाओं ने स्थगित कर दिया है। जबकि प्रदर्शनकारी ज्ञापन देने हरिपुर गए हुए हैं। पंचायत प्रधान रीना बग्गा ने बताया कि अभी धरना खत्म नही हुआ है, महिलाए ज्ञापन देने हरिपुर गईं है और धरना जारी है।
उधर, आबकारी एवं कराधान पालमपुर के संयुक्त आयुक्त विवेक महाजन ने कहा कि आबकारी नीति व नियमों के अनुसार ही शराब ठेका खोल गया और आंगनबाड़ी केंद्र से ठेका 180 मीटर दूर है। फिर भी जांच के लिए आदेश दे दिए गए हैं।
