देहरा: नालागढ़ जागो टीम ने जीता कबड्डी टूर्नामेंट
-हरियाणा राज्य की कैथल कबड्डी टीम रही उप विजेता
सोलन जिले की नालागढ़ जागो टीम ने मां बगलामुखी खेल कमेटी की ओर से नैहरन पुखर में करवाए गए कबड्डी टूर्नामेंट को जीत लिया है। वहीं, हरियाणा राज्य के कैथल जिले की कैथल कबड्डी टीम उप विजेता रही। विजेता को 71 हजार और उप विजेता को 51 हजार रुपये का कैश प्राइज दिया गया। नालागढ़ के राहुल राणा बेस्ट रेडर और कैथल के अंकित बेस्ट डिफेंडर घोषित किए गए। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे दयाल पंचायत से संबंधित चंडीगढ़ के व्यवसायी छोटू शर्मा और देहरा के विधायक होशियार सिंह ने टीमों को पुरस्कृत किया। इससे पहले शुक्रवार को हुए अंडर-19 के मुकाबले में खेलो इंडिया सेंटर राजपुरा (सोलन) की टीम विजेता रही थी। टीम को 21 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया था।
यह टूर्नामेंट ढलियारा खड्ड में स्थित दयाल पंचायत के खेल मैदान में 19 से 21 अक्टूबर के बीच कराए गए। शनिवार सुबह प्रतियोगिता का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं जसवां-परागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने किया। मैच के दौरान संजीव ठाकुर, सुरेंद्र, मनोज राणा, अजय शर्मा, सुरेंद्र राणा और पंकज ने आफिशियल की भूमिका निभाई। कमेटी के संयोजक अजय कुमार, तरसेम ठाकुर और वीरेंद्र मनकोटिया ने कहा कि कमेटी हर साल इस तरह का आयोजन करेगी। इसमें सहयोग के लिए उन्होंने स्थानीय लोगों का आभार जताया।
इस मौके पर समाजसेवी सलामदीन, कमेटी सदस्य अंकुश शर्मा, दलजीत चौहान, विनायक ठाकुर, मनोज कुमार, सतेंद्र डढवाल, अविनाश धीमान, मोहित ठाकुर, दलजीत कालू, मनोज ठाकुर मौजू आदि मौजूद रहे। इसका शुभारंभ श्री बालाजी समूह के प्रबंध निदेशक डा. राजेश शर्मा ने किया था।
