देहरा : चनौर के पास पेड़ से टकराया पिकअप ट्राला, 9 यात्री घायल
पुलिस चौकी सीबा के तहत चनौर तयामल रोड पर एक पिकअप ट्राला पेड़ से टकरा गया। घटना में 9 सवारियां घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार गुरनबाड़ पंचायत के निवासी अपने रिश्तेदारों सहित बुधवार सुबह गुरनबाड़ से शीतला रिश्तेदार की मौत पर विचार देने गए थे। वे वापस आ रहे थे कि चनौर तयामल रोड के करीब वाहन चालक ने पशु को बचाते हुए संतुलन खो दिया और पिकअप ट्राला पेड़ के साथ टकराया जिससे बाहन में बैठी 9 सवारियां घायल हो गई हैं। अगर ट्राला पेड़ से न टकराया होता तो गहरी खाई में जा गिरता, जिससे बहुत बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सिविल हॉस्पिटल डाडा सीबा पहुंचाया गया सिविल हॉस्पिटल में घायल मरीजों को चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद 2 मरीजों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज टांडा के लिए रेफर किया गया है। गौर रहे कि 17 अगस्त से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। 25 अगस्त तक यह नवरात्रि चलेंगे। पिछले वर्ष कोटला बेहड़ में 2 पिकअप ट्राले हादसे का शिकार हो गए थे, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई थी और कई यात्री घायल हुए थे। वहीं, डाडा सीबा पुलिस चौकी प्रभारी किशोरचंद ने बताया पुलिस मौके पर पहुंची है। मामले की छानबीन की जा रही है।
हादसे में ये हुए घायल
हादसे में घायलों में की पहचान लीला देवी उम्र 65 वर्ष पत्नी उत्तमचंद गांव पनियामल, राजकुमारी उम्र 46 वर्ष पत्नी संजय कुमार ग्राम बल्ला नेहरनपुखर,पंचायत प्रधान बंदना कुमारी पत्नी देशराज गांव गुरनबाड़ ,सुलोचना देवी उम्र 57 वर्ष पत्नी बलबीर सिंह गांव नंगल चौक, त्रिशला देवी पत्नी तिलक राज गाँव नंगल चौक ,राजकुमारी पत्नी ज्ञानचंद ग्राम रक्कड़, सीमा देवी पत्नी सनी गांव हार मिंटा, तिलक राज सुपुत्र रंजीत सिंह ग्राम गुरनबाड़, बिंदु कुमारी पत्नी संजू ग्राम कथोग ज्वालामुखी उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है।
