देहरा: एशियन चैंपियनशिप में दो कांस्य पदक जीतने वाले राघव का घर पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
( words)
जसवां परागपुर की ग्राम पंचायत बाडी के राघव जम्वाल ने एशियन चैंपियनशिप में दो कांस्य पदक जीत कर पूरे देश का नाम रोशन किया व आज राघव जम्वाल के घर पहुंचने पर गांववासियों व स्थानीय विधायक विक्रम ठाकुर ने उनका भव्य स्वागत किया । इस दौरान राघव को विधायक विक्रम ठाकुर ने पुष्प भेंट कर राघव की जीत पर गर्व महसूस करते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि राघव हमारी विधानसभा जसवां-प्रागपुर का बेटा है व इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र व गांव में खुशी का माहौल है। उन्होंने युवा वर्ग को राघव से प्रेरणा लेकर खेलों में अपना योगदान देने के लिए कहा ।
ज्ञात रहे कि कजाकिस्तान में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में राघव जम्वाल ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया व कजाकिस्तान में यह टूर्नामेंट 20 जून से शुरू हुआ था। बता दें राघव ने मध्य प्रदेश के देवास में हुई 16वीं जी.एफ.आइ ग्रेपलिंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण पदक जीते हैं जिसके आधार पर राघव का चयन एशियाई चैंपियनशिप में हुआ था। कजाकिस्तान में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में राघव जम्वाल भारतीय टीम के कप्तान थे और ग्रैपलिंग में यह भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है । भारत ने ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल किया जिसमें भारत ने 2 गोल्ड, 2 सिल्वर और 12 ब्रॉन्ज मैडल जीते हैं। जम्वाल ने इस प्रतियोगिता में देश के लिए बेहतर प्रदर्शन करते हुए एक ट्रॉफी तथा सीनियर -71 किग्रा वर्ग में 2 कांस्य पदक जीते।
वहीं राघव जम्वाल ने बताया कि इस प्रतियोगिता से पहले उन्होंने अधिकारियों से वादा किया था कि यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होगा और उन्होंने इसे पूरा किया। उन्होंने अपने कोच सिद्धार्थ सिंह को देश का सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक कहा है। वहीं राघव ने ग्रैपलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ओ.पी नरवाल और शिव पंचाल का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि हम ग्रैपलिंग फीट फेडरेशन ऑफ इंडिया लगातार प्रयास कर रहे हैं। वहीं उन्होंने भारत के रेफरी और संजय पवार का भी धन्यवाद किया है जिनके निरंतर प्रयासों और समर्पण ने यह सुनिश्चित किया है कि हम हर कदम पर बेहतर हों। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला है। वहीं राघव ने कहा कि मैं अपना सिर नीचे रखूंगा और उन गलतियों पर ध्यान केंद्रित करूंगा जो मैंने टूर्नामेंट में कीं। राघव ने कहा कि मेरा सपना अपने देश के लिए गोल्ड मेडल लाना है।
जम्वाल ने कहा कि यह मेरा पहला अंतरराष्ट्रीय पदक है, मैं बहुत खुश हूं और मैं इससे भी बेहतर करूंगा । उन्होंने कहा कि मैंने अपनी गलतियों की एक सूची बनाई है, मैं उन पर काम करूंगा। मैं भी चाहता हूं कि मेरे राज्य हिमाचल प्रदेश के बच्चे बाहर आएं और संघर्ष करें। उन्होंने कहा कि हमारे पास देश में सर्वश्रेष्ठ बनने की क्षमता है हमें बस एक अच्छी संरचना और समर्पण की आवश्यकता है। इस दौरान पंचायत प्रधान रानी देवी, अश्वनी कुमार, मंजीत कुमार आदि भी उपस्थित रहे।
