देहरा: ढलियारा स्कूल में मनाया रेड क्रॉस डे
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढलियारा में प्रधानाचार्य राजेश कुमार वैद्य की अध्यक्षता में रेड क्रॉस डे मनाया गया। इस दौरान 24 एनसीसी कैडेट्स को "ए" प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया गया। प्रधानाचार्य एनसीसी "ए" सर्टिफिकेट के बारे में बताते हुए कहा कि एनसीसी कैंप के दौरान फायरिंग तथा फिजिकल ट्रेनिंग तथा 2 साल के बाद इन विद्यार्थियों की परीक्षा ली जाती है, जिसमें उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को यह प्रमाण पत्र दिया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि एनसीसी में शामिल होने का बहुत लाभ मिलता है। इन विद्यार्थियों को किसी भी प्रतियोगिता में अतिरिक्त अंक दिए जाते हैं।
इस मौके पर कॉमर्स प्रवक्ता अजय सपेहियाने भी बच्चों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इसके अलावा भाषण और प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान एनसीसी केयरटेकर अधिकारी मुकेश शर्मा ने भी बच्चों को एनसीसी में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रवक्ता सुनील कुमार, प्रवक्ता अनूप शर्मा, प्रवक्ता सविता बदन, प्रवक्ता अनुपम, डीपी जाकिर हुसैन, कुलतार सिंह, लाल सुदेश, प्रियंका, आशा कुमारी व अन्य उपस्थित रहे।
