देहरा : सकरी कृषि सहकारी सभा को आखिरकार मिल ही गया सचिव
देहरा उपमंडल के तहत सकरी पंचायत की कृषि सहकारी सभा समिति के सचिव का पद पिछले आठ महीनों से खाली पड़ा था। लेकिन अब अनिल राणा ने सचिव का कार्यभार संभाल लिया है। इसी के साथ स्थानीय जनता के साथ लेनदेन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है, जिससे आम जनता ने भी राहत की सांस ली है।
इस कृषि सहकारी सभा के पूर्व सचिव रमेश चंद राणा की सितंबर 2022 में मृत्यु हो गई थी। उन्होंने इस सभा को 16 वर्ष तक अपनी सेवाएं दी थीं। तभी से यह पद खाली पड़ा था। विभाग व प्रबंधन कमेटी के सदस्यों ने इस पद को भरने के लिए आवेदन मांगे थे। 14 अभ्यार्थियों ने आवेदन किया था, लेकिन 3 के आवेदन पत्र किसी कारण रद्द हो गए थे। शेष 11 अभ्यार्थियों के साक्षात्कार हुए, जिसमें मेरिट के हिसाब से अनिल राणा को सबसे ज्यादा अंक प्राप्त हुए। अब उन्हें विभाग की ओर से नए सचिव के रूप में नियुक्ति पत्र दिया गया है। उनकी नियुक्ति से स्थानीय जनता ने राहत की सांस ली है।
