देहरा : हार जलाड़ी को नंदरुल से जोड़ने के लिए बनाया जा रहा पुल गिरा
प्रदेश के जिला कांगड़ा में चंगर क्षेत्र की 15 पंचायतों को जोड़ने के लिए बनेर खड्ड पर बनाया जा रहा पुल गिर गया है। कांगड़ा लोक निर्माण मंडल के तहत आने वाले क्षेत्र हार जलाड़ी को नंदरुल से जोड़ने के लिए ब्रिज बन रहा था, जिसके गिरने से हड़कंप मच गया है।
कांगड़ा के विधायक पवन काजल ने पुल के गिरने पर चिंता जताते हुए कहा कि लापरवाह अधिकारी और ठेकेदार के विरुद्ध सरकार को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। MLA प्राथमिकता के आधार पर इस पुल का निर्माण 2017 में शुरू हुआ, लेकिन अभी तक भी पुल का नहीं बनना विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू से इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करवा कर लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने और ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने की मांग रखी। लोक निर्माण विभाग लगभग साढ़े 3 करोड़ रुपए की लागत से इस पुल का निर्माण करवा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने पुल का शिलान्यास 9 अगस्त 2017 को किया था। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता सुशील डडवाल ने बताया कि पुल का आर्च गिरने की सूचना मिली है। मौके पर जाकर जांच के बाद ही पता लगेगा कि क्या कारण रहे होंगे। SDO को मौके पर भेजा है। रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
