देहरा : निचला करियाड़ा में आपदा का दंश झेल रहे परिवार को ढाई महीने बाद भी नहीं मिला मुआवजा
हिमाचल सरकार व विभागीय प्रशासन की ओर से आपदा से निपटने और पीड़ित परिवार को तुरंत आर्थिक मदद मुहैया करवाने के बड़े-बड़े दावे गांव निचला करियाड़ा में गलत साबित हुए हंै। गत 25 अप्रैल यानी ढाई महीने पहले 76 वर्षीय बुजुर्ग किशन चंद शर्मा पुत्र तुलसी राम शर्मा के एक रिहायशी कमरे में अचानक बिजली का शॉट सर्किल होने से लाखों रुपये का सामान आदि जलकर राख हो गया था।
पीड़ित बुजुर्ग किशन ने बताया कि पता चलते ही राजस्व व पुलिस विभाग ने स्थिति का जायजा लेते हुए तुरंत आर्थिक मुहैया करवाने की बात कही थी। लेकिन इतना लंबा वक्त बीत जाने के बाद भी प्रशासन द्वारा आर्थिक मुआवजा मिलना तो दूर फौरी राहत तक नहीं दी गई है। पीड़ित किशन चंद शर्मा ने एसडीएम देहरा व जिलाधीश से मांग की है कि उन्हें तुरंत आर्थिक मुआवजा दिया जाए।
वहीं, जब इस बारे एसडीएम देहरा शिल्पी बेक्टा से बात की तो उन्होंने बताया कि उपरोक्त नुकसान की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। वहां से बजट का प्रावधान होते ही पीड़ित किशन चंद शर्मा को आर्थिक मुआवजा दे दिया जाएगा।
