देहरा: बढल ठोर सड़क किनारे बेतरतीब खड़ी गाड़ियों से लग रहा जाम, लोग परेशान
उप मंडल देहरा के अंतर्गत बढल ठोर बस स्टैंड सड़क किनारे आड़ी-तिरछी खड़ी गाड़ियों के कारण यहां जाम लगना आम बात हो गई है। इससे केवल राहगीरों को ही परेशानी नहीं होती, बल्कि आए दिन बड़े हादसे का अंदेशा भी बनारहता है। हालांकि पुलिस भी समय-समय पर ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कड़ा शिकंजा कसती आ रही है, बावजूद इसके कई बिगडै़ल चालक अपनी गाड़ियों को सड़क किनारे पार्क करके दूर दूर तक नजर नहीं आते हैं।
इस सड़क से बढल ठोर से डाडासीबा व तलवाड़ा के लिए बसें गुजरती हैं। बस स्टैंड में बस के इंतजार में पहले ही सवारियां खड़ी रहती हैं और ऊपर से सड़क पर गाड़ियों के पार्क होने से वहां से तेज रफ्तार से गुजर रही अन्य गाड़ियों का भी पता नहीं चलता है, जिससे हमेशा हादसे का डर बना रहता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का हल किया जाए। वहीं, इस संदर्भ में डीएसपी देहरा अनिल ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने बताया अगर यहां पर प्रतिदिन जाम की स्थिति रहती है तो शीघ्र इस समस्या का हल करवाया जाएगा।
