कुनिहार : अपनी मांगों को लेकर सीएम से मिला राजकीय सी एंड वी अध्यापक संघ का प्रतिनिधिमंडल
रंजीत ठाकुर। कुनिहार
राजकीय सी एंड वी अध्यापक संघ हिमाचल प्रदेश का एक प्रतिनिधिमंडल संघ के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गानंद शास्त्री की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री सुखबिंदर सिंह सुक्खू से मिला। दुर्गानंद शास्त्री ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के अलावा प्रतिनिधिमंडल शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, स्वास्थ मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध ठाकुर, राजस्व बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी व मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी से शिमला सचिवालय में मिला। संघ ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए मुख्यमंत्री व समस्त मंत्रिमंडल का आभार व्यक्त किया और अपना मांग पत्र मंत्रिमंडल के समक्ष रखा, जिसमें मुख्य रूप से 20 वर्ष बाद मिलने वाली विशेष वेतन वृद्धि की समयावधि 10 वर्ष करना, सभी सी एंड वी अध्यापकों को योग्यता और अनुभव के आधार पर आर्थिक लाभ सहित टीजीटी पदनाम देना या सीधे प्रवक्ता पद के लिए नीति निर्धारण करना, माध्यमिक विद्यालयों में कला अध्यापक, शारीरिक शिक्षक व भाषा अध्यापक के पदों को पूर्ववत बिना संख्या बार के भरना आदि 20 सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि समस्त मंत्रिमंडल ने संघ की मांगों को बड़े ध्यानपूर्वक सुना और इन सभी के निवारण हेतु शीघ्र अति शीघ्र पूर्ण करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर संघ के राज्य अध्यक्ष दुर्गा नंद महासचिव, देवदत्त, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप राम चंदेल, कोषाध्यक्ष मुख्य महिला विंग सलाहकार सविता कुमारी, सिरमौर के जिलाध्यक्ष वीर सिंह, किन्नौर के जिलाध्यक्ष किरण बिष्ट, दलजीत सिंह, लक्ष्मी नंद तथा राज्य कार्यकारिणी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।