धर्मशाला : भगवान बुद्ध और महावीर एक ही मां की संतानें : दलाई लामा
बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर जैन धर्म के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आचार्य लोकेश के नेतृत्व में विभिन्न धर्मों के धर्माचार्यों ने बौद्ध धर्म के सर्वोच्च धर्मगुरु दलाई लामा से धर्मशाला स्थित मुख्यालय में भेंट कर बुद्ध पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शाल, माला व प्रतीक चिन्ह भेंट कर दलाई लामा का सम्मान किया। इस अवसर पर दलाई लामा ने कहा कि भगवान बुद्ध और भगवान महावीर दोनों एक ही मां की संतानें हैं। उन्होंने कहा भारत भूमि पर जन्म लेकर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, बुद्ध, महावीर, नानक व अनेक महापुरुषों ने विश्व को प्रेम व भाईचारे की राह की दिखाई है। दलाई लामा ने कहा भगवान बुद्ध की करुणा व भगवान महावीर का अहिंसा दर्शन के बताए मार्ग से ही विश्व में शांति, सद्भावना की स्थापना हो सकेगी।
