धर्मशाला : एबीवीपी ने डीसी के माध्यम से शिक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला कांगड़ा द्वारा आज उपायुक्त के माध्यम से शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। परिषद की प्रदेश समीक्षा योजना बैठक हाल ही में 10-11 अप्रैल को नाहन में संपन्न हुई थी। इस बैठक के दौरान शिक्षा क्षेत्र से कुछ ऐसे मुद्दे निकल कर आए, जिनकी वजह से प्रदेश के छात्रों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस बैठक में प्रमुख 7 मुद्दों - छात्र संघ चुनाव को शीघ्र बहाल करना, स्थाई कुलपति व विश्वविद्यालय की स्वायत्तता को शीघ्र बहाल करना, सभी महाविद्यालयों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना, महाविद्यालयों में प्राचार्य, शिक्षकों व गैर शिक्षकों की भर्तियां शीघ्र करना, ERP प्रणाली को शीघ्र सुधारना, शोधार्थियों को मिलने वाली 3000 रुपये शोध प्रोत्साहन राशि योजना को जल्द से जल्द लागू करना व नौणी विश्वविद्यालय व कृषि विश्वविद्यालय में बढ़ी हुई फीस को कम करने पर मंथन किया गया।
इन 7 मुद्दों को लेकर परिषद ने प्रदेश स्तरीय आंदोलन करने का आह्वान किया है। इसी कड़ी में परिषद
19 अप्रैल को प्रदेश के प्रत्येक महाविद्यालय में हस्ताक्षर अभियान चलाएगी, 25 अप्रैल को विश्वविद्यालयों केंद्रों पर धरना-प्रदर्शन व 28 अप्रैल को विश्वविद्यालयों केंद्रों व जिला केंद्रों में 24 घंटे की सांकेतिक भूख हड़ताल की जाएगी।
