धर्मशाला: तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने फीस जमा नहीं होने पर पैट व लीट के 347 आवेदन किए रिजेक्ट
तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने फीस जमा नहीं होने पर पैट व लीट के 347 ऑनलाइन आवेदन रिजेक्ट कर दिए हैं, जिसमें पैट के 212 व लीट के 136 आवेदन शामिल हैं। अब दोनों ही परीक्षाओं में करीब 7500 अभ्यर्थी बैठेंगे,जिसमें 4950 अभ्यर्थी पैट तथा 2529 अभ्यर्थी लीट के हैं। पैट के लिए 34 व लीट के लिए 14 परीक्षा केंद्रों का सृजन किया गया है।
जानकारी के मुताबिक सभी सरकारी व निजी बहुतकनीकी संस्थानों में प्रथम वर्ष डिप्लोमा इंजीनियरिंग के लिए लगभग 3200 व द्वितीय वर्ष डिप्लोमा इंजीनियरिंग के लिए लगभग 978 सीटें भरी जानी हैं, जिसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी। बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा (पैट) हेतु ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 2 मई थी, जबकि लीट के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 6 मई थी। तकनीकी शिक्षा बोर्ड सचिव आर.के. शर्मा ने कहा कि करीब 7500 अभ्यर्थी पैट व लीट परीक्षा देंगे। बोर्ड ने फीस जमा नहीं करवाने पर पैट के 212 आवेदन तथा लीट के 136 आवेदन रद्द कर दिए हैं।
