धर्मशाला : मुख्य सचिव ने की धर्मशाला स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की समीक्षा
स्मार्ट सिटी धर्मशाला के तहत चल रही परियोजनाओं को तय समय मे पूरा करने के लिए सभी विभाग बेहतर आपसी तालमेल से काम करें। उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला में आज बुधवार को धर्मशाला स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने यह शब्द कहे। इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल सहित स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़े विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने अधिकारियों से धर्मशाला स्मार्ट सिटी से जुड़ी सभी परियोजनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा लिया। उन्होंने प्रत्येक कार्य की प्रगति, कार्यान्वयन में पेश आ रही दिक्कतें और समाधान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से स्मार्ट सिटी परियोजना के महत्व को समझते हुए उन्हें गंभीरता और तय समयावधि पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत जो कार्य अभी चल रहे हैं, उनकी प्रगति की निरंतर समीक्षा की जाए और इनकी गति बढ़ाने पर बल दिया जाए।
उन्होंने कहा कि जो भी परियोजनाएं तय समय में होने योग्य हैं, पहले उन पर जोर दिया जाए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को कहा कि पूर्ण योजना और बेहतर समन्वय से इन सभी कार्यों को यदि किया जाएगा तभी सार्थक परिणाम देखने को मिलेंगे।
