धर्मशाला : कल शाहपुर आएंगे सीएम, मॉडर्न पुलिस थाना शाहपुर के भवन की रखेंगे नींव :पठानिया
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 5 जुलाई को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे पांच करोड़ की लागत से बनने वाले मॉडर्न पुलिस थाना शाहपुर के भवन का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर आज सोमवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह शाहपुर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने यह बात कही।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि यह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का पहला आधिकारिक कार्यक्रम है। उन्होंने विभागों के अधिकारियों को इसे सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे इसके लिए सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारी के तहत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
