धर्मशाला कॉलेज और दो स्कूलों को मिले 45 लाख : सुधीर
प्रदेश सरकार ने धर्मशाला डिग्री कॉलेज और दो स्कूलों के लिए 45 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की है। धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने जनता की मांग पर यह पैसा मंजूर करवाया है। बुधवार को धर्मशाला में जारी बयान में दिग्गज कांग्रेस नेता एवं धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने बताया कि धर्मशाला डिग्री कॉलेज को 15 लाख का बजट मिला है। कॉलेज में 5 लाख से आउटडोर जिम बनेगा। बास्केटबाल कोर्ट में सिंथेटिक लेयर भी बिछेगी। इसके अलावा आउटडोर गार्डन-बेंच पर भी पांच लाख रुपए खर्च होंगे।
सुधीर शर्मा ने बताया कि राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला दाड़ी व राजकीय केंद्र पाठशाला कोतवाली बाजार को 15-15 लाख प्रति स्कूल मिले हैं। इसमें दोनों स्कूलों में 8-8 लाख सिविल वर्क पर खत्म किए जाएंगे। इसके अलावा दोनों स्कूलों में सात-सात लाख मैटीरियल खरीद पर खर्च किए जाएंगे।
कहा कि धर्मशाला हलके में एक समान विकास करवाया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के कार्यों को स्पीडअप किया गया है। पीडब्ल्यूडी, जलशक्ति, राजस्व अधिकारियों को जनता के काम प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा गया है। इसी तरह कृषि व बागबानी अधिकारी गांवों में जागरूकता कैंप लगा रहे हैं। कूहलों को अपग्रेड करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पास्सू सब्जी मंडी और ओबीसी भवन को प्राथमिकता के आधार पर मुकम्मल किया जा रहा है।
